Placeholder canvas

Darbhanga Nagar Nigam: पटना की तरह दरभंगा नगर निगम भी होगा हाईटेक, चुटकी में होगा समस्या का समाधान

Darbhanga Nagar Nigam: पटना नगर निगम के तर्ज पर अब दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में स्थित मकानों पर भी क्यूआर कोड लगाये जाएंगे। निगम प्रशासन की ओर से यह कवायद इसलिए की जा रही है ताकि सभी घरों से कचरे का उठाव सुनिश्चित हो सके। साथ ही कोई भी सफाई कर्मी काम में लापरवाही न बरत सके।

Darbhanga Nagar Nigam में प्रक्रिया शुरू

इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। क्यूआर कोड लगने के बाद डोर टू डोर कचरा उठाने वाली गाड़ियां इसे स्कैन करने के बाद कचरे का उठाव करेगी। वर्तमान में कई लोगों की शिकायत होती है कि उनके घरों का कूड़ा नगर निगम के सफाई कर्मी नियमित रूप से नहीं उठाते हैं। इसी को देखते हुए निगम प्रशासन ने घरों पर क्यूआर कोड लगाने का निर्णय किया है।

यह भी पढ़ें: आर्थिक हल युवाओं का बल: दरभंगा के बेरोजगार हो जाओ तैयार, सरकार इतने पैसे देने को है तैयार

55 हजार घरों में लगेगा क्यूआर कोड

जल्द ही निगम क्षेत्र के 55 हजार घरों में क्यूआर कोड लगाया जाएगा। साथ ही लोगों की शिकायतों की मॉनिटरिंग के लिए निगम मुख्यालय में मॉनिटरिंग कक्ष भी बनाया जाएगा। इस मॉनिटरिंग कक्ष से निगम के कर्मी यह देख सकेंगे कि डोर टू डोर कचरा उठाने वाली गाड़ी सही तरीके से काम कर रही है या नहीं। इस बात का आसानी से पता लगाया जा सकेगा कि किस घर से कूड़ा उठा है और किस घर से नहीं।

चालकों को एक-एक स्मार्ट फोन भी मिलेगा

क्यूआर कोड (QR Code) को स्कैन करने के लिए डोर टू डोर कचरा संग्रह करने वाले वाहन चालकों को एक-एक स्मार्ट फोन भी मुहैया करवाया जाएगा। निगम के सफाई कर्मियों को घरों से कचरा उठाते वक्त क्यूआर कोड को स्कैन करना होगा। इससे निगम के अधिकारी जान सकेंगे कि कितने घरों से कचरा उठाया गया और कितने कर्मी काम पर उपस्थित हैं।

Leave a Comment